इलाहाबाद। अखिल भारतीय प्रेमकुमारी भटनागर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को 4 विकेट से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
मदन मोहन मालवीय स्टेडियम पर सोमवार को पहले क्वार्टर फाइनल में यूपीसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 45 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन का स्कोर बनाया। यूपीसीए की ओर से कप्तान अदिति शर्मा ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। शिवप्रिया पांडेय 26, गीता यादव 23, शशि माथुर 19 व श्वेता वर्मा ने 18 रनों का योगदान दिया। एचपीसीए की तरफ से सुष्मिता ने 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए जबकि वासुवि फिशता, प्रीती कहलों व तनुजा कंवर को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में एचपीसीए ने 38.3 ओवर में 6 विकेट पर 161 रन बनाकर मैच जीत लिया। एचपीसीए की ओर से कप्तान हरलीन देओल ने शानदार नाबाद अर्धशतक (81) बनाया। वंदना राना 26, मोनिका 15 व कशिश वर्मा ने 14 रनों का योगदान दिया। यूपीसीए की ओर से जूही पांडेय व अदिति शर्मा ने 2-2 तथा राशि कनौजिया व शिल्पी यादव ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
प्रातः मैच शुरू होने से पूर्व इलाहाबाद के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। यूपीसीए के निदेशक ताहिर हसन ने शाल ओढ़कर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। एसीए के कोऑर्डिनेटर आरपी भटनागर ने बुके प्रदान कर स्वागत किया। संचालन आयोजन सचिव डॉ. जूली ओझा ने किया। मंगलवार को डिफेंस एकाउंट स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड नई दिल्ली और इलाहाबाद डिस्ट्रिक्ट वीमेन टीम के बीच प्रातः 9.30 बजे से मैच खेला जाएगा।




Add Comment