मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के मोंगरी कड़ा में ब्याही युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। पिता ने खोजबीन के बाद ससुरालियों के खिलाफ युवती की हत्या कर उसका शव गायब करने की रिपोर्ट पइंसा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
महेवाघाट के गरौली गांव की सुधा देवी पुत्री अवधेश कुमार की शादी एक साल पहले पइंसा के मोंगरी कड़ा गांव में जितेन्द्र कुमार पुत्र संतोष के साथ हुई थी। 21 जुलाई की रात से विवाहिता संदिग्ध दशा में घर से गायब हो गई। बेटी का हालचाल नहीं मिलने पर पिता ससुराल पहुंचा तो उसे घटना की जानकारी हुई। आरोप है कि दहेज की खातिर सुधा की हत्या करने के बाद ससुराल वालों ने शव गायब कर दिया है। बेटी के साथ हुए जुल्म की जानकारी मायके के अन्य लोगों को हुई तो कोहराम मच गया। पीडि़त पिता पइंसा थाने पहुंचा और घटना की नामजद शिकायत पुलिस से की। अवधेश कुमार की तहरीर पर पइंसा पुलिस ने पति जितेन्द्र कुमार, ससुर संतोष कुमार समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
Add Comment