लखनऊ । प्रदेश सरकार 50 माइक्रोन तक की पॉलीथिन बंद करने के बाद अब प्लास्टिक व थर्मोकोल के कप, प्लेट, ग्लास, कटोरी व चम्मच जैसे बर्तन बंद करने की तैयारी कर ही है। इन्हें 15 अगस्त से पूरे प्रदेश में बंद किया जाना है। नगर विकास विभाग जल्द ही इसके लिए आदेश जारी करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पॉलीथिन, प्लास्टिक व थर्मोकोल को चरणबद्ध तरीके से बंद करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में 15 जुलाई से 50 माइक्रोन तक के प्लास्टिक कैरीबैग प्रतिबंधित किए गए हैं।
15 अगस्त से प्रतिबंध का दूसरा चरण
अब इसका दूसरा चरण 15 अगस्त से शुरू होना है। इसमें प्लास्टिक व थर्मोकोल के एक बार इस्तेमाल होने वाले बर्तन का विनिर्माण, विक्रय, भंडारण, आयात व परिवहन प्रतिबंधित होगा। इससे न सिर्फ नाले-नालियां जाम हो रहे हैं बल्कि पर्यावरण को भी खासा नुकसान पहुंच रहा है। नगर विकास विभाग ने दूसरे चरण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभाग का मुख्य फोकस बाजार में इस प्रतिबंध का असर दिखाई दे, इस पर सबसे अधिक है। इसके लिए कई विभागों के अधिकारियों को भी छापा मारने के अधिकार दिए गए हैं। साथ ही डीएम को सभी विभागों के अफसरों का समन्वय बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
Add Comment