लखनऊ । नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के धुआंधार प्रचार का जवाब देने को कांग्रेस भी 15 नवंबर से अभियान की शुरुआत करेगी। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर लखनऊ से प्रचार मुहिम छेड़ेंगे। वहीं स्टार प्रचारकों के जिलेवार कार्यक्रम जारी किए जा रहे हैं। प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र मदान ने बताया कि प्रचार अभियान में कांग्रेस भी पीछे नहीं हैं। प्रभारी महासचिव गुलाम नबी आजाद के अलावा स्टार प्रचारकों की सूची में पड़ोसी राज्यों के कांग्रेस नेता भी शामिल हैं। चुनावी सभा के साथ रोड़ शो के जरिये भी प्रचार होगा और घर-घर पत्रक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
स्टार प्रचारकों में शीला दीक्षित नहीं : गत विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के प्रत्याशी के तौर पर उतारी गयी दिल्ली प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का नाम इस चुनाव के स्टार प्रचारकों में भी शामिल नहीं किया गया है। पार्टी में पिछड़े वर्ग से वरिष्ठ नेता के तौर उभारे गए पूर्व सांसद राजाराम पाल का नाम भी गायब है। स्टार प्रचारक सूची में राजबब्बर, निर्मल खत्री, प्रमोद तिवारी, संजय सिंह, पीएल पुनिया, सलमान खुर्शीद, श्रीप्रकाश जायसवाल, राजीव शुक्ला, परवेज हाशमी, आरपीएन सिंह, जितिन प्रसाद, नगमा, अम्मार रिजवी, राजेश मिश्रा, इमरान मसूद, राशिद अल्वी, मीम अफजल, सचिन पायलट, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, हरीश रावत, शकील अहमद, अजय कुमार लल्लू, धु्रव राम लोधी, अजय राय, बादशाह सिंह, मसूद अख्तर व रिजवान जहीर के साथ पूर्व कोषाध्यक्ष विपुल माहेश्वरी व विवेक बंसल को भी शामिल किया है।
विजन डाक्यूमेंट जारी होगा : कांग्रेस भी भाजपा के संकल्प पत्र की तर्ज पर नगरीय निकाय चुनाव के लिए विजन डाक्यूमेंट जारी करेगी। इसके अलावा स्थानीय मुद्दो को लेकर जिला व नगर स्तर पर घोषणपत्र तैयार किया जाएगा। इसमें स्थानीय समस्याओं के समाधान का रोडमैप तैयार करने के साथ विकास की नयी योजनाएं भी प्रचारित की जाएगी।
इंदिरा जन्मशती समारोह में सोनिया नहीं शामिल होंगी : रायबरेली में मंगलवार को होने वाले नौवें इंदिरा जन्मशती समारोह में स्थानीय सांसद व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी अथवा उनकी प्रतिनिधि प्रियंका गांधी शामिल नहीं होगी। समारोह में गुलाम नबी आजाद, राजबब्बर, संजय सिंह व प्रमोद तिवारी शामिल होंगे। दसवां और प्रदेश में अंतिम कार्यक्रम 17 नवंबर को इलाहाबाद में होगा।
Add Comment